बिहार टाॅपर्स मामले में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश
(India)
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा के बाद सोमवार को इंटर टापर्स मामले में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव, शिक्षा मंत्री, डीजीपी, प्रधान शिक्षा सचिव के साथ बैठक के बाद आदेश दिया कि वैशाली में इंटरमीडिएट के रिजल्ट में हुई धांधली के मामले में प्राथमिकी दर्ज करा कर पूरे मामले की जांच पुलिस से जल्द कराएं। पुलिस के अनुसंधान में जिनकी भी संलिप्तता पाई जाती है, उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने डीजीपी को स्पेशल टीम गठित करने का भी आदेश दिया। इस मामले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह पर भी गाज गिर सकती है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के पूर्व सरकार ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। इंटरमीडिएट रिजल्ट में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए बोर्ड चेयरमैन ने रविवार को सरकार से इतर न्यायिक जांच कमेटी गठित कर दी थी जबकि शिक्षा विभाग ने इस मसले पर अलग जांच कमेटी गठित की थी। इस बाबत उनसे जवाब-तलब किया गया है। सरकार के संयुक्त सचिव ने उन्हें नोटिस का जवाब 24 घंटे में देने को कहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।