बगदाद में आत्मघाती हमला, 83 लोगों की मौत
(India)
इराक की राजधानी में आज सुबह दो अलग अलग बम हमलों में कम से कम 83 लोगों की मौत हो गयी और 176 लोग घायल हो गये। इराक के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस और अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक बगदाद के बीचोंबीच स्थित व्यस्त बाजार कराडा में एक कार बम हमले में 78 लोग मारे गये और 160 घायल हो गये। हमला उस समय हुआ जब लोग परिवारों के साथ रमजान के पवित्र महीने के दौरान खरीदारी के लिए बाजार में निकले थे। इस्लामिक स्टेट समूह ने आत्मघाती कार बम हमला करने का दावा करते हुए ऑनलाइन एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने जानबूझकर शिया मुस्लिमों को निशाना बनाया है। बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है। दमकल कर्मी आज तड़के तक आग को बुक्षाने की मशक्कत में लगे थे और अब भी इमारत से शव मिल रहे हैं। विस्फोट के बाद कई घंटों तक एंबुलेंसों के मौके पर पहुंचने की आवाज आती रही। एक चश्मदीद के मुताबिक विस्फोट से आसपास की कपड़ों और सेलफोन की दुकानों में आग लग गयी। हमले के कुछ घंटे बाद इराक के प्रधानमंत्री ने विस्फोट स्थल का मुआयना किया। सोशल मीडिया पर डाले गये वीडियो फुटेज में उग्र भीड़ को देखा जा सकता है जिसमें लोग प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी को चोर कह रहे हैं और उनके काफिले के सामने चीख-पुकार कर रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।