जाकिर नाईक पर शिकंजा कसा
(India)
विवादास्पद इस्लामिक धर्म प्रचारक डाक्टर जाकिर नाईक पर शिकंजा कसता जा रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेश के बाद जाकिर के भाषणों की जांच में मुंबई पुलिस जुट गई है। गुरूवार को मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्त को जाकिर के भाषणों के जांच का आदेश दिया है। इस आदेश से पहले कई मुस्लिम संगठनों ने भी जाकिर के भाषणों पर रोक लगाने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने मुंबई पुलिस आयुक्त को जाकिर के भाषणों की जांच करके उसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने का आदेश दिया है। उन्होंने जाकिर के भाषणों के अलावा उसके सोशल मीडिया एकाउंट, उनकी संस्थाओं के फंड की भी जांच करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद पुलिस आयुक्त ने दस सदस्यों वाले एक विशेष जांच दल का गठन किया है। इस जांच दल में साइबर सेल के अलावा कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक जाकिर इस समय मुंबई में नहीं हैं। वह मक्का में हैं और 11 जुलाई को उनके मुंबई आने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि मुंबई आने के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। सूत्रों ने यह भी बताया कि जाकिर के मुंबई लौटने से पहले पुलिस जांच दल अपनी जांच पूरी कर लेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।