युवा व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय प्रसाद उर्फ मुन्ना साईं की हत्या के विरोध में भोजपुर बंद के तहत रविवार को आरा में ट्रेन रोकी गई और सड़क जाम कर लोगों ने प्रदर्शन किया. ट्रेन रोके जाने से कई अन्य ट्रेनों के आवागमन पर खासा प्रभाव पड़ा। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बंद का एनडीए और शहर के व्यवसायियों ने भी समर्थन किया। इधर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद फरार दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रदर्शनकारियों ने सुबह में आरा स्टेशन पर बक्सर फतुहा पैसेंजर ट्रेन आधे घंटे से भी अधिक समय तक रोक कर रखी। उसके बाद बंद के समर्थकों ने स्टेशन के समीप त्रिभुआनी मोड़ को जाम कर आरा-पटना, आरा-बक्सर और आरा-सासाराम मार्ग को बाधित कर दिया। इस दौरान वाहनों की भी लंबी कतार लगी रही। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुन्ना साईं की हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई पुलिस टीम ने बिजली मिस्त्री रविंद्र उर्फ नेपाली के साला चन्दन को शनिवार की रात हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दो अन्य हत्यारे भाइयों को भी धर दबोचा। दोनों की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा पकड़े गए चन्दन से पूछताछ के आधार पर की गई। दोनों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की है। बिजली मिस्त्री रविंद्र उर्फ नेपाली व उसके भाई सन्नी की गिरफ्तारी के बाद फरार मुख्य अभियुक्त सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक छत्रनील सिंह के निर्देश पर गठित चार टीमें छापेमारी में जुटी हुई हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।