उत्तराखंड में तेज बारिश, दो बसें फंसी
(India)
उत्तराखंड में बारिश से उफनाई नदियों में दो बसें फंसने से 70 यात्रियों की जिंदगी मुश्किल में पड़ गई। चारधाम यात्रियों को लेकर इंदौर (मध्य प्रदेश) लौट रही स्लीपर बस मंगलवार सुबह उफनाई बीन नदी में फंस गई। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला। बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत 40 यात्री सवार थे। उधर, चीला के पास दिल्ली के चारधाम यात्रियों की बस लौटते वक्त घासीराम बरसाती नाले में फंस गई। चीला चैकी पुलिस ने रेस्क्यू कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे चारधाम यात्रियों को लेकर लौट रही स्लीपर बस (एमपी 49-2461) उफनाई बीन नदी में फंस गई। बस के नदी में फंसने पर उसमें सवार यात्री चिल्लाने लगे। बस के फंसने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लक्ष्मणझूला पुलिस को दी। साथ ही फंसे यात्रियों को निकालना में भी खुद भी जुट गए। कुछ देर में पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू कर दिया। बस को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इससे करीब एक घंटे तक चीला वैकल्पिक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते चीला वैकल्पिक मार्ग से वाहन हरिद्वार भेजे जा रहे हैं। लेकिन बीन नदी में अचानक पानी बढ़ने से परेशानी बढ़ जाती है। गौहरी रेंज के रेंजर गंगासागर नौटियाल ने बताया कि बस फंसने की सूचना पर वन कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में मदद की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।