आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन ने दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में शामिल होने पाकिस्तान पहुंचे भारतीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ बुधवार को विरोध रैली निकाली. रैली में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। रैली में शामिल करीब दो हजार लोग भारत विरोधी नारे लगा रहे थे। राजनाथ 3 और 4 अगस्त को दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे. मूलतः कश्मीर के रहने वाले आतंकी सैयद सलाहुद्दीन ने भारत के पठानकोट में हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी. वो भारत में कई अन्य मामलों में भी वांछित है। भारत सरकार पाकिस्तान से सलाहुद्दीन के प्रत्यर्पण की मांग करती रही है। रैली का आयोजन आल पार्टीज हुर्रियत कांफ्रेस ने किया था। कई स्थानीय सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक समूहों ने हुर्रियत के समर्थन की घोषणा की है। जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद ने भी कश्मीर मसले पर राजनाथ सिंह के पाकिस्तान दौरे का विरोध करने की घोषणा की है। संभावित विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर पाकिस्तान सरकार ने राजनाथ सिंह को प्रेसिडेंशियल सिक्योरिटी देने का फैसला किया है। यानी राजनाथ की सुरक्षा में 200 सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें पाकिस्तान की स्पेशल फोर्स के कमांडो भी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार यह फैसला पीएम नवाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में हुआ है। इस बैठक में सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा हुई थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।