गुजरात के नए सीएम पर आज होगा फैसला
(India)
आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद गुजरात का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी घोषणा आज होगी। भाजपा विधायक दल की बैठक आज गांधीनगर में होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। सीएम की दौड़ में नितिन पटेल सबसे आगे हैं। विधायक दल की बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और नितिन गडकरी समेत दो पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे। इससे पूर्व अमित शाह ने गुरुवार को अहमदाबाद में उम्मीदवार के चुनाव हेतु पार्टी के नेताओं के साथ गहन बैठक की। भाजपा के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली में बुधवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री पद से आनंदीबेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसके साथ ही नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है, जो 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेगा। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी ने कहा कि शुक्रवार शाम गांधीनगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों की बैठक होगी और वहीं नए मुख्यमंत्री की घोषणा होगी। शाह के आवास पर हुई लंबी चर्चा के बाद रूपानी ने कहा, अमित शाह के अलावा, पार्टी के सभी विधायक, पदाधिकारी और हमारे पर्यवेक्षक नितिन गडकरी तथा सरोज पांडेय बैठक में शामिल होंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।