जम्मू-कश्मीर में हाल की हिंसा और अशांति को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुलायी है। यह बैठक दोपहर बारह बजे होनी है। राजनाथ सिंह ने राज्यसभा में बताया था कि इस सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में राज्य की स्थिति के बारे में विभिन्न दलों के साथ विस्तार से चर्चा की जायेगी। राजनाथ ने कश्मीर में आईएसआईएस के झंडे लहराये जाने और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने की घटनाओं पर गहरी आपत्ति जताते हुए राज्य के युवाओं से कहा, भारत की धरती पर यह नहीं चलेगा। सदन में चर्चा के दौरान कांग्रेस सहित कुछ दलों के सदस्यों द्वारा जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल भेजकर बातचीत करने के सुझाव पर गृहमंत्री ने कहा था कि बातचीत की प्रक्रिया जारी है। स्वयं उन्होंने 23-24 जुलाई को श्रीनगर एवं अनंतनाग में जाकर विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि जहां तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल को राज्य में भेजकर वहां चर्चा कराये जाने की बात है उसके लिए जमीनी स्तर पर तैयारी करनी पड़ेगी। इसके बारे में वह राज्य की मुख्यमंत्री से भी बातचीत करेंगे। गौरतलब है कि आतंकी बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। 35 दिनों से घाटी के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा हुआ है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।