बिहार विधानसभा और विधान परिषद ने जीएसटी बिल पास कर दिया है। मंगलवार को इसके लिए एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया था जिसमें 122वां संविधान संशोधन विधेयक पेश हुआ। चर्चा के बाद सदन में सर्वसम्मति से जीएसटी के पक्ष में राजकीय संकल्प पारित किया गया ऊर्जा एवं वाणिज्यकर मंत्री विजेंद्र यादव ने जीएसटी बिल का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि राष्ट्रहित में पहली बार राज्य एवं केन्द्र सरकार मिलकर किसी प्रस्ताव पर सहमति देने जा रही है। यह ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जीएसटी बिल लागू करने में बिहार की अहम भूमिका रही। बिहार हित के मुद्दों पर हमेशा से हमारा स्टैंड रहा है। विधेयक के अध्ययन और विशेषज्ञों की राय लेने पर हमें लगा कि इसका समर्थन किया जाना चाहिए। चूंकि बिहार उपभोक्ता राज्य है, इसलिए इसका यहां अधिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से जीएसटी की बात आई, राज्यों के वित्त मंत्रियों की प्राधिकृत समिति बनी, शुरू से हमने इसका समर्थन किया। संविधान की विभिन्न धाराओं से लेकर विभिन्न मुद्दों पर हम अपनी राय रखते रहे हैं। इसमें करों की एकरूपता की बात है। साथ ही कई चीजों पर केन्द्र और राज्य दोनों कर ले सकते हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।