आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी के पिता मुजफ्फर वानी ने ये कहकर सबको चैंका दिया है कि वो अध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से सिर्फ इलाज के सिलसिले में मिले थे। बता दें कि मुजफ्फर ने शनिवार को बेंगलुरु में रविशंकर से उनके आश्रम में मुलाकात की थी। संभावना जताई जा रही थी कि रविशंकर कश्मीर में जारी हिंसा को रोकने के लिए सरकार की तरफ से बातचीत में मध्यस्थता कर रहे हैं। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में 8 जुलाई को भारतीय सैन्य बलों द्वारा आतंकवादी बुरहान वानी मार गिराया गया था जिसके बाद से कश्मीर में विरोध प्रदर्शनों और हिंसा का दौर कायम है। शनिवार शाम श्री श्री ने ट्विटर पर अपनी और बुरहान के पिता की तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा- मुजफ्फर वानी, बुरहान वानी के पिता, दो दिन आश्रम में रहे. हमने कई मसलों पर बातचीत की। मीटिंग के बाद मुजफ्फर वानी ने कहा- मैं वहां इलाज के लिए गया था और किसी बीमारी के इलाज के लिए आश्रम में रहा। श्री श्री ने मुझसे कुछ नहीं मांगा। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा मुझसे लगभग पांच मिनट बात की। उन्होंने कहा- मैं अपने लिए कुछ दवाएं लेने गया था। कश्मीर में बुरहान वानी की मौत के बाद पनपी सुरक्षा बलों और विरोध प्रदर्शनकारियों के बीच की झड़पों के चलते 70 लोग मारे जा चुके हैं। इस बीच जम्मू कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती हालात को संभालने संबंधी कदमों पर चर्चा आदि के लिए शनिवार को पीएम मोदी से मिलीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।