सरोगेसी के नाम पर दलित महिला के साथ ठगी
(Kaushambi, Kaushambi) सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरोगेसी पर रोक लगाने के बाद सरोगेसी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, घटना कौशांबी जिले के उमरावल गांव की है, जहां एक दलित महिला के साथ सरोगेसी के नाम पर ठगी की गई है। महिला को इसके लिए हर महीनें दस हज़ार रुपये और रहने के लिए मकान देने के साथ ही बच्चा पैदा होने पर लाखों रुपये देने का लालच दिया गया था, लेकिन अब उसे फूटी कौड़ी भी नहीं मिल रही है। इस मामलें में सीमा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 417, 497 और 498 के तहत केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने सीमा की कोख को किराए पर दिलाने वाले बिचौलिए को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ भी की है।
दलित महिला के साथ धोखाधड़ी यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री और बीएसपी के बड़े नेता के नाम पर की गई है, वहीं मंत्री ने इस मामलें से अपना पल्ला झाड़ लिया है। फिलहाल यह साफ़ नहीं हो सका है कि इस मामले में पूर्व मंत्री के परिवार के लोगों की कोई साजिश है या फिर बिचौलियों ने उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया है। महिला ने अंकुर हॉस्पिटल में सरोगेसी कराए जाने की बात कही है, लेकिन अस्पताल से जुड़े लोगों का कहना है कि उनके यहां सरोगेसी सुविधा ही नहीं है। हालांकि अस्पताल के साइन बोर्ड पर सरोगेसी के ज़रिए बच्चे पैदा कराने की तकनीक अस्पताल में होने के दावे अब भी मौजूद हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।