यूपी में राहुल की किसान यात्रा आज से
(India)
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का 27 साल का निर्वासन खत्म करने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी किसान यात्रा की शुरुआत मंगलवार को देवरिया से करेंगे। गांधी का हेलीकॉप्टर रुद्रपुर तहसील के पचलड़ी गांव में बने हेलीपैड पर सुबह 10.30 बजे उतरेगा। करीब सवा छह घंटे तक रोड शो और खाट चैपाल के जरिए किसानों से रूबरू होते हुए वह कुशीनगर पहुंचेंगे। इसके बाद रात्रि विश्राम गोरखपुर में करेंगे। देवरिया से दिल्ली तक किसान यात्रा की तैयारियों के लिए पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर की टीम जिले में एक हफ्ते से जमी है। कर्ज माफी और फसल मुआवजे के मुद्दे के साथ यात्रा का फोकस किसान, मजदूर और दलित हैं। ऐसे में ढाई हजार किलोमीटर की इस यात्रा को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए जमीन तैयार करने से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान राहुल प्रदेश के 225 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे। पचलड़ी की दलित बस्ती से शुरू होने वाली किसान यात्रा देवरिया में चार विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। इस दौरान ऐतिहासिक दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक भी करेंगे। फिर कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती होते हुए फैजाबाद पहुंचेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रुद्रपुर (देवरिया) में भगवान शंकर से आशीर्वाद लेकर मंगलवार को किसान यात्रा शुरू करेंगे। राहुल के लिए उत्तर प्रदेश का तीसरा विधानसभा चुनाव है। इससे पहले वह 2007 और 2012 के चुनाव में प्रचार कर चुके है। इस बार चुनाव प्रचार पिछले चुनावों से अलग है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।