कपिल शर्मा रिश्वत मामले में आया नया मोड़
(India)
दुनिया भर में अपनी कॉमेडी से सुर्खियों में रहने वाले टीवी कलाकार कपिल शर्मा ने मुंबई नगरपालिका (बीएमसी) पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। कपिल ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर बताया कि बीएमसी के एक अधिकारी ने उनसे 5 लाख रुपये घूस की मांग की है। कपिल ने अपने ट्वीट को पीएम मोदी को टैग कर तंज कसते हुए लिखा है ‘ये हैं आपके अच्छे दिन?’ हालांकि कपिल के ट्वीट पर बवाल बढ़ता देख महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं बीएससी ने भी कपिल पर अवैध निर्माण का आरोप लगाया है और घूस मांगने वाले अधिकारी का नाम पूछा है। टीवी कलाकार कपिल शर्मा के आरोपों के बाद बीएमसी ने तुरंत प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और उनसे घूस मांगने वाले अधिकारी का नाम पूछा। बीएमसी के मनोहर पवार ने कहा कि कपिल शर्मा का आरोप बेहद गंभीर है। हमने उनसे घूस मांगने वाले अधिकारी का नाम पूछा है और भरोसा दिया है कि अगर दोषी पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि कपिल शर्मा की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि इस दौरान बीएमसी ने कपिल शर्मा पर भी अवैध निर्माण करने का आरोप लगाया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।