कर्नाटक में हिंसक प्रदर्शन, सीएम ने बुलाई कैबिनेट की बैठक
(India)


तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी देने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ कर्नाटक में पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन हिंसक होता जा रहा है। सोमवार को उग्र प्रदर्शनकारियों ने राजधानी बेंगलुरु में 40 बसों में आग लगा दी जिसके बाद वहां धारा 144 के साथ कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं स्थिति को भांपते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। कर्नाटक में हिंसक हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने आज अपने आवास पर हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। प्रदेश में जारी प्रदर्शन का असर रोडवेज पर देखते हुए सीएम ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु से कर्नाटक से केरल तक दो स्पेशल ट्रेन चलाने का आग्रह किया है, जिससे केरल के लोग अपने मुख्यमंत्री से मिल सके। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए 20 सितंबर तक कावेरी नदी का 12 हजार क्यूसेक पानी रोजाना छोड़ने का आदेश दिया। कोर्ट के इस फैसले के बाद दोनों राज्यों के बीच जारी तनाव ने हिंसक रुप ले लिया है। बेंगलुरु में देर शाम हेगनाहल्ली इलाके में प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस महानिरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि बेंगलुरु के 16 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। कुमार ने बताया कि इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में आपराधिक दंड संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को मजबूत करने और स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की मांग की गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।