श्रीनगर हवाई अड्डे पर मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त
(India)

श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार सुबह भारतीय वायुसेना के मिग-21 लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से यहां से संचालित होने वाली सभी उड़ानें रोक दी गईं। हवाई अड्डे के एक अधिकारी के मुताबिक विमान का पायलट सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहा है। अधिकारी ने बताया, ‘‘भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-21 लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और उसमें आग लग गई।’’ उन्होंने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा, ‘‘नागरिक विमानों को आने-जाने की अनुमति देने से पहले रनवे को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।’’ नई दिल्ली में भारतीय वायु सेना के एक प्रवक्ता ने बताया, विमान को आपात स्थिति में उतारा गया था और इसे सुरक्षित तरीके से बचा लिया गया है। प्रवक्ता के मुताबिक, विमान को आपात स्थिाति में उतारे जाने के बाद मानक परिचालन प्रक्रिया के तहत विमान को रनवे पर बंद कर दिया जाता है और उसके बाद सामान्य उड़ान गतिविधि फिर से शुरू करने में थोड़ा समय लगता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।