संयुक्त राष्ट्र आम सभा में पाकिस्तान को भारत का कड़ा जवाब
(India)

संयुक्त राष्ट्र आम सभा में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ द्वारा लगाए गए आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए भारत ने गुरुवार (22 सितंबर) को पाकिस्तान को “आतंकवादी राष्ट्र” और “युद्ध अपराध” में लिप्त देश बताया। 71वीं संयुक्त राष्ट्र आम सभा (न्छळ।) में बुधवार (21 सितंबर) को पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ द्वारा कश्मीरी आतंकवादी बुरहान वानी को इंतीफादा का चेहरा बताते हुए कहा था भारत कश्मीर में मानवाधिकारों का हनन कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन के फर्स्ट सेक्रेटरी ईनाम गंभीर ने शरीफ के भाषण के बाद “राइट ऑफ रिप्लाई” का प्रयोग करते हुए भारत की तरफ से पाकिस्तान को कड़े शब्दों में जवाब दिया। गंभीर ने कहा, “मानवाधिकारों का सबसे निकृष्ट हनन आतंकवाद है और जब इसका इसका राष्ट्र नीति की तरह इस्तेमाल किया जाना युद्ध अपराध है। मेरा देश और हमारे पड़ोसी देश आज जो झेल रहे हैं वो पाकिस्तानी की आतंकवाद को प्रायोजित करने की लंबी रणनीति का परिणाम है, जो अब हमारे इलाके से बाहर भी फैल गया है।” गंभीर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी पाकिस्तान में खुलेआम घूमते हैं और सरकार की मदद से काम करते हैं। गंभीर ने कहा कि भारत पाकिस्तान को “आतंकवादी राष्ट्र” के तौर पर देखता है जो आतंकियों की मदद के लिए उन तक अरबों डॉलर पहुंचाने की व्यवस्था करता है। उन्होंने कहा, “प्रशासन की इजाजत से कई आतंकी संगठन पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का खुला उल्लंघन करते हुए चंदा वसूलते हैं।” गंभीर ने कहा कि पाकिस्तान ने आंतकवाद के मसले पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से झूठ बोला है। गंभीर ने शरीफ द्वारा हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी के महिमामंडन किए जाने की भी कड़ी आलोचना की। गंभीर ने संयुक्त राष्ट्र में कहा, “आज भी हमने सुना कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री एक आतंकी संगठन के एक स्वघोषित कमांडर का समर्थन कर रहे थे।” गंभीर ने कहा कि पाकिस्तान में लोकतंत्र का नाम नहीं है और वो अपनी जनता के खिलाफ भी आतंकवाद का प्रयोग करता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।