सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान में सियासी हलचल तेज
(India)
पीओके में भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान में सियासी हलचल तेज हो गई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सीमा पर सुरक्षा के हालात का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 11 बजे होनी है, जिसमें पीएम मोदी, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल समेत कई बडे अधिकारी शामिल होंगे। सेना और वायुसेना के बाद भारतीय नौसेना को भी अलर्ट कर दिया गया है। मुंबई में होने वाले उसके कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। शनिवार को युद्दपोत देखने और तीन अक्टूबर को प्रदर्शनी लगाए जाने का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। वहीं, भारतीय सेना की कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। गृह और रक्षा मंत्रालयों के अधिकारी शरीफ को बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा से अवगत कराएंगे। इसमें भारत व पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा होगी। इसके अलावा शरीफ ने एलओसी पर सुरक्षा हालात पर चर्चा के लिए मंगलवार यानी चार अक्टूबर को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है, जबकि पांच अक्टूबर को संसद का संयुक्त सत्र बुलाया है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा के लिए आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज बैठक करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।