पाकिस्तान ने भारतीय चैनल के स्टिंग को झुठलाया
(India)
पाकिस्तान की तरफ से शुक्रवार (7 अक्टूबर) को दावा किया गया है कि प्रमुख भारतीय चैनल ने एक पाकिस्तानी अधिकारी का एक ‘‘फर्जी’’ साक्षात्कार प्रसारित किया। पाकिस्तान के उस अधिकारी ने साक्षात्कार में सीमा पार आतंकी शिविरों में भारत के सर्जिकल स्ट्राइक की पुष्टि की थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय का आरोप है कि सीएनएन न्यूज 18 ने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के पुलिस अधिकारी गुलाम अकबर का ‘‘फर्जी’’ साक्षात्कार प्रसारित किया जिसमें अधिकारी ने भारत के सर्जिकल स्ट्राइक की कथित तौर पर पुष्टि की। मंत्रालय ने एक बयान में बताया, ‘संवाददाता ने खुद को पंजाब पुलिस के महानिरीक्षक के तौर पर पेश किया।’ मंत्रालय ने आगे कहा, ‘अकबर ने फोन पर ऐसी कोई बात करने से साफ इंकार किया है और तो और भारतीय टीवी चैनल की रिकॉर्डिंग में आवाज भी उनकी (अकबर की) नहीं है।’ बयान में मंत्रालय ने आगे कहा है कि घरेलू राजनीतिक लाभ के लिए कहानियों को गढ़ने के उद्देश्य से फर्जी कार्यक्रम का प्रसारण करने के लिए भारतीय मीडिया की पाकिस्तान निंदा करता है। इसमें कहा गया है, ‘यह साफ संकेत है कि भारत में कुछ वर्ग सर्जिकल स्ट्राइक के झूठे भारतीय दावे को किसी भी तरह से सच साबित करने के लिए जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं।’ बयान में कहा गया है, ‘हमें उम्मीद है कि सीएनएन संबद्ध टीवी चैनल के साथ मामले को अत्यंत गंभीरता से लेगा और चैनल के खिलाफ कार्रवाई करेगा। हम कथित टीवी चैनल के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।