राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर नागपुर में कहा कि इस साल का दशहरा खास है। पीओके समेत पूरा कश्मीर हमारा है, भारत के विरोधियों का अंत होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर में चिंता की स्थिति है। पीओके समेत पूरा कश्मीर भारत का हिस्सा है। वह भारत का अविभाज्य अंग है। मीरपुर, मुजफ्फराबाद, गिलगिट और बाल्टिस्तान भी कश्मीर का ही हिस्सा है। विजयादशमी पर शस्त्र पूजा के बाद स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि कुछ ताकतें देश को बढ़ने नहीं देना चाहती हैं, ऐसी ताकतों को यह सरकार सुहा नहीं रही है। उन्होंने कहा कि उनको विश्वास है यह सरकार कुछ करेगी। यह सरकार काम करने वाली है। देश धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। संघ प्रमुख ने कहा कि कश्मीर की उपद्रवकारी शक्तियों को उकसाने का काम सीमा पार से होता है, ये बात किसी से छुपी नहीं है। ये बात सारी दुनिया जानती है और उनको अच्छा जवाब भी हमारे शासन ने दिया है। शासन के नेतृत्व में हमारी सेना ने साहस दिखाया है। भागवत ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक बार फिर पूरी दुनिया में भारत की सेना की प्रतिष्ठा ऊंची हो गई। उपद्रवियों को संकेत मिला कि सहन करने की मर्यादा होती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।