“हनीट्रैप” के आरोपों को वरूण गांधी ने नकारा
(India)
रक्षा सौदों की जानकारी लीक करने या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने के आरोपों पर भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा है कि अगर इन आरोपों में एक फीसदी भी सच्चाई हो तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। दरअसल प्रशांत भूषण ने गुरुवार को इस बात का खुलासा किया था कि नौसेना वार रूम लीक मामले के आरोपी अभिषेक वर्मा के पूर्व सहयोगी एडमंड ऐलन ने हाल में प्रधानमंत्री को दो पत्र लिखे हैं। एक 25 अगस्त तथा दूसरा 16 सितंबर को लिखा गया है। उन्होंने लिखा है कि कैसे उच्च सैन्य अधिकारियों द्वारा सेना के दस्तावेज लीक कराए जा रहे हैं। इसमें विदेशी वेश्याओं की भी मदद ली गई। यहां तक कि रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक का विवरण तक लीक कराया गया। उन्होंने हैरत जताई कि पीएमओ इस पत्र पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। भूषण ने कहा कि ऐलन ने अपने पत्र में एक सांसद का उल्लेख किया। आरोपों के मुताबिक, सांसद के कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक फोटो भी भेजे गए हैं। पत्र में कहा गया है कि उक्त सांसद तब रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति के सदस्य थे। इस पर वरुण गांधी ने कहा कि वह पिछले 15 साल से अभिषेक वर्मा से नहीं मिले और उस संसदीय समिति की बैठक में भी शामिल नहीं हुए, जिसका ऐलन ने जिक्र किया है। उन्होंने आशंका जताई कि यूपी चुनाव में उनकी भूमिका को रोकने के लिए ऐसे आरोप लगाए गए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।