अब काले धन के खिलाफ होगा ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आय घोषणा योजना (आईडीएस) के तहत 30 सितंबर की समय सीमा के भीतर काले धन की घोषणा करने में नाकाम रहने वाले लोगों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ का संकेत दिया। वडोदरा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘आईडीएस के तहत 65,000 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब संपत्ति की घोषणा हुई है, वह भी बिना किसी सर्जिकल स्ट्राइक के। सोचिए, अगर हम सर्जिकल स्ट्राइक करें, तो क्या होगा।’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आईडीएस के तहत धन एकत्रित करने के अलावा, जन धन योजना के तहत आधार नंबर को सीधे लिंक कराकर बिचैलियों को हटाते हुए पैसे का स्थानांतरण सीधे तौर पर करके 36,000 करोड़ रुपये बचाए हैं। मोदी ने कहा, ‘तो, हम लगभग एक लाख करोड़ रुपये एकत्रित करने में सक्षम हुए हैं।’यहां 1 लाख से अधिक दिव्यांगों के बीच कृत्रिम पैर, हाथ रिक्शा तथा अन्य सहायक उपकरणों के वितरण को लेकर एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मई 2014 से लेकर अब तक देश भर में इस तरह के 4,500 से भी अधिक कार्यक्रम हो चुके हैं, जबकि सन् 1992 से लेकर 2014 के बीच ऐसे केवल 56 कार्यक्रम हुए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।