बैंकों और एटीएम पर लंबी कतारें
(India)
मोदी सरकार के 500 और 1000 के पुराने नोट रद्द करने के ऐतिहासिक फैसले ने लोगों के जीवन में पिछले दो दिनों से काफी अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। हालांकि आज से ज्यादातर बैंकों ने अपने एटीएम फिर से शुरू कर दिए हैं जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। ध्यान रहे फिलहाल आप एटीएम से एक दिन में ज्यादा से ज्यादा 2000 रुपए का ही ट्रांजेक्शन कर सकते हैं। बैंकों की तरह ही एटीएम पर भी भारी भीड़ होने के आसार हैं और आरबीआई ने गुरूवार शाम जारी बयान में कहा है कि एटीएम सुविधा के पूरी तरह से शुरू होने में अभी कुछ दिनों का समय और लग सकता है। बता दे कि एटीएम खुलते ही उन पर लंबी लाइन देखी जा रहीं हैं। एटीएम खुलने से बाजार से लगभग गायब हो गए 100 के नोट फिर मार्केट में आ जाएंगे। इसके साथ ही एटीएम से नए जारी हुए 2000 और 500 के नोट भी मार्केट में चलन में आ जाएंगे। एटीएम खुलने से न सिर्फ आप अपनी जरुरत के लिए कैश हासिल कर पाएंगे बल्कि बिना बैंक की लाइन में लगे आपके पास मौजूद 500 और 1000 के पुराने नोट भी जमा करा सकते हैं। ये बैलेंस सीधे आपके खाते में चला जाएगा जो आप 2000 प्रति दिन के हिसाब से वापस हासिल कर सकते हैं। बता दें कि ज्यादातर बैंकों ने फिलहाल 19 तक ट्रांजक्शन फी माफ करा दी है। सरकार ने घोषणा की है कि जल्द ही वो फिर से 1,000 का नोट फिर बाजार में उतारेगी। इसके अलावा वह अतिरिक्त सुरक्षा खूबियों के साथ कम मूल्य के नोटों की नई श्रृंखला भी जारी करेगी। वहीं वित्त सचिव अशोक लवासा ने बुधवार को साफ किया कि शुक्रवार से सभी बैंकों के एटीएम में 500 और 2000 रुपए के नए नोट उपलब्ध रहेंगे। इनसे एक व्यक्ति एक कार्ड के जरिए 18 नवंबर तक 2000 रुपए प्रतिदिन निकाल सकता है। बाद में इसकी सीमा बढ़ाकर 4000 रुपए कर दी गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।