राज्यसभा के बाद आज लोकसभा में भी नोटबंदी का मामला पूरे जोर शोर से गूंजेगा। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों की आज लोकसभा में 1000 और 500 के नोट अमान्य करने के सरकार के निर्णय के मुद्दे पर कार्यस्थगन का प्रस्ताव लाने की योजना है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि यह पहल बड़े नोटों को अमान्य करने के कारण किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों समेत आम लोगों को हो रही परेशानियों को रेखांकित करने की योजना है। इस मामले को लेकर लोकसभा में हंगामे के आसार है। इससे पहले बुधवार को राज्यसभा में नोटबंदी पर चर्चा हुई, जिसमें विपक्ष ने सरकार पर जोरदार हमला बोला। यह चर्चा आज भी जारी रहेगी। विपक्ष ने अभी तक कार्यस्थगन प्रस्ताव नहीं दिया है। इसलिए प्रश्नकाल होगा और नोटबंदी पर चर्चा के लिए समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक तय है। चर्चा के बाद सरकार की ओर से जवाब केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली देंगे। कांग्रेस नेता गुलाबनबी आजाद समेत विपक्ष ने मांग की है कि चर्चा के दौरान पीएम मोदी भी मौजूद रहें। बुधवार को चर्चा के दौरान सपा, जदयू, सीपीआई(एम) और बसपा सबने एक सुर में जेपीसी से जांच की मांग की है। जबकि कांग्रेस ने कहा कि हमारे हक का पैसा, और उसको निकालने में सरकार कैसे पाबंदी कैसे लगा सकती है। लेकिन सरकार ने कहा 3-4 दिन में सब ठीक हो जायेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।