मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद आज देश के 4 लोकसभा सीटों और 8 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव हो रहे हैं। सुबह सात बजे ही मतदान केंद्रों पर भारी कतार लग गई है। उप चुनाव के अलावा तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों अरावकुरिचि और तंजावुर पर भी मतदान जारी है। इसी साल 16 मई को इन सीटों पर मतदान हुआ था लेकिन चुनाव के दौरान मतदाताओं को धन बांटने के आरापों के बाद इन दोनों सीटों पर मतदान रद्द कर दिया गया। इन सभी सीटों के लिए मतगणना 22 नवंबर को होगी। पश्चिम बंगाल में कूच बिहार और तमलुक लोकसभा संसदीय सीटों पर और मोंटेश्वर विधानसभा क्षेत्र में वोट डाले जा रहे हैं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने इन तीनों सीटों पर अपने अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं। उप चुनाव के प्रचार अभियान के आखिरी चरण में नोटों का चलन बंद होना मुख्य मुद्दा बन गया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन उपचुनावों के लिए प्रचार नहीं किया और यह जिम्मेदारी पार्टी के अन्य नेताओं पर छोड़ दी। जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहे है उनमें लोकसभा की लखीमपुर (असम), शहडोल (मध्यप्रदेश) और कूचबिहार तथा तमलुक (पश्चिम बंगाल) के अलावा असम, अरूणाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पुदुचेरी में विधानसभा की आठ सीटें है। जिन आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, वे हैं बैठालंगसो और हयुलिआंग (सु)- अरूणाचल प्रदेश, नेपानगर (सु)-मध्यप्रदेश, मोंटेस्टवर- (पश्चिम बंगाल), तिरूपराकुन्द्रण (तमिलनाडु), बारजाला और खोवई (त्रिपुरा) तथा नेल्लीतोपे (पुदुचेरी) है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।