नोटबंदी के बाद ‘पहली परीक्षा’ का परिणाम आना शुरू
(India)
देश के छह राज्यों पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, असम, अरुणाचल प्रदेश व त्रिपुरा और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में कुल मिलाकर 4 लोकसभा सीटों और विधानसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। एनडीए सरकार द्वारा 500 और 1000 रुपये के नोटों का चलन बंद किए जाने के बाद यह सरकार की पहली परीक्षा मानी जा रही है। मध्यप्रदेश के शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा क्षेत्रों में आज सुबह आठ बजे से सख्त सुरक्षा प्रबंध के बीच डाक मतपत्रों की गिनती के साथ मतगणना का कार्य प्रारंभ हो गया। इसके साथ ही अब प्रत्याशियों की धडकनें भी बढ गयी हैं। इसके अलावा पुडुचेरी की नेल्लीथोपे और तमिलनाडु की तीन विधानसभा सीटों पर भी वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इन सभी क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शहडोल संसदीय क्षेत्र के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जयसिंह नगर एवं जैतपुर की मतगणना शहडोल के शासकीय इंदिरा गांधी होमसाइंस गल्र्स कॉलेज में शुरू हो गयी। अनूपपुर जिले के कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र भवन में, उमरिया जिला मुख्यालय पर बांधवगढ़ एवं मानपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तथा कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बड़वारा के मॉडल स्कूल में शुरू हो गयी है। वहीं नेपानगर विधानसभा उपचुनाव के लिये बुरहानपुर स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतगणना का कार्य शुरू हो गया है। मतगणना का कार्य अधिकतम 22 राउण्ड में होगा। शहडोल में शनिवार को हुए मतदान में 66 प्रतिशत मतदाताओं ने वहीं नेपानगर में 71.25 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। दोनों ही उपचुनावों में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।