प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोटबंदी पर संसद में विपक्ष के आरोपों का जवाब दे सकते हैं। आज राज्यसभा में पीएम मोदी मौजूद रहेंगे। संसद के शीतकालीन सत्र में नोटबंदी के मुद्दे पर राज्यसभा और लोकसभा में लगातार हंगामा हो रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी के बयान की मांग की है। वहीं संसद में जारी गतिरोध तोड़ने के लिए संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। आपको बता दें कि नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्ष पीएम मोदी के बयान की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार कहती रही है कि वित्त मंत्री अरुण जेटली इस मुद्दे पर बहस का जवाब देंगे। सरकार कई बार कह चुकी है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं। वहीं विपक्षी दल नियम के तहत चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले विपक्ष के हंगामे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लोकसभा पहुंचें। पीएम मोदी के लोकसभा पहुंचने के बाद भी विपक्ष का हंगामा कम नहीं हुआ। वहीं प्रधानमंत्री चुपचाप बैठे सब सुनते रहे और आखिरकार स्पीकर ने लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने बुधवार को विपक्षी पार्टियों के भारी हंगामे के बीच नोटबंदी पर बहस के लिए विपक्षी पार्टियों के स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया। केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने विपक्ष के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि पहले विपक्ष पीएम के सदन में मौजूद रहने की मांग को लेकर हंगामा कर रहा था और जब वह सदन में मौजूद है तो वह काम करने क्यों नहीं दे रहा है। वेंकैया ने कहा कि हंगामा करना विपक्ष की आदत हो गई है।
वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार किसी भी हालत में नोटबंदी के फैसले को वापस नहीं लेगी। हालांकि इस मामले को वापस लेने के लिए विपक्ष लगातार दवाब बना रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले प्रधानमंत्री है जो विदेशों से काला धन लाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने देश से ब्लैक मनी निकालने की कोशिश की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।