नोटबंदी के मसले पर विपक्ष केन्द्र सरकार को घेर रहा है तो वहीं संसद के बाहर पीएम नरेंद्र मोदी अपने विरोधियों को घेरने का मौका नहीं छोड़ते। पीएम मोदी ने संविधान दिवस से एक दिन पहले आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जो लोग सरकार पर नोटबंदी के लिए तैयारी नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं, वे खुद इस कदम के लिए तैयार नहीं थे। पीएम मोदी ने कहा कि जो सरकार पर ये आरोप लगा रहे हैं कि तैयारी पूरी नहीं की उन लोगों को दरअसल दुख इस बात का है कि उन्हें किसी तैयारी का का मौका नहीं दिया गया। अगर उन्हें तैयारी के लिए 72 घंटे का मौका दे दिया जाता तो यही लोग कहते कि क्या फैसला लिया है मोदी ने। उन्होंने कहा कि आम आदमी भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ सैनिक बन चुका है। भ्रष्टाचार को लेकर भारत की स्थिति अक्सर खराब बताई जाती है, हमें इसमें सुधार करने की जरूरत है। पीएम ने कहा कि देश को डिजिटल करेंसी का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब देश में व्हॉटसएप आया तो क्या कोई उसका इस्तेमाल कैसे करे यह सीखने के लिए कॉलेज गया था। व्हॉटसएप से मैसेज भेजना जितना आसान है उससे कहीं ज्यादा आसान ऑन लाइन ट्रांजेक्शन करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर किसी को अपने पैसे पर हक है लेकिन जरूरी नहीं कि हर बार नोट हाथ में हो। मोबाइल से पैसे जमा किए जा सकते हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।