आज सैलरी डे पर बैंकों और एटीएम के बाहर भारी भीड़ रहने का अनुमान
(India)

नोटबंदी के चलते आज दिसंबर महीने के पहले दिन और सैलरी डे के चलते बैंकों और एटीएम के बाहर भारी भीड़ रहने का अनुमान है। इस बीच बैंकों ने कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैसों का विशेष बंदोबस्त करने की कोशिश की है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अनुसार बैंकों को अतिरिक्त नकदी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है ताकि सैलरी वालों को नकदी लेने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। उल्लेखनीय है कि सरकार ने 8 नवंबर की रात नोटबंदी की घोषणा की जिसके तहत 500 व 1000 रुपये के मौजूदा नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया। इसके बाद से ही बैंकों में भारी भीड़ है जबकि ज्यादातर एटीएम तो अब तक परिचालन में नहीं आए हैं। अधिकतर सरकारी संस्थानों और निजी कंपनियों में दिसंबर के पहले सप्ताह में वेतन मिल जाता है। पेंशन भी 1 से 7 के बीच ही खातों में आती है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग पैसे निकालने के लिए जुटेंगे। उधर, एटीएम व बैंकों के सामने लाइनों में कमी नहीं हो रही है। इसे देखते हुए सरकार की चिंता बढ़ी हुई है। इसीलिए आरबीआई को युद्धस्तर पर जुटने को कहा गया है। सरकार ने 500 के नए नोट ज्यादा छापने और बैंकों में जल्द पहुंचाने को कहा है। दूसरी तरफ, आरबीआई 50-50 के नोटों की छपाई ज्यादा मात्रा में कर रहा है ताकि लोगों को खुले पैसों की समस्या से निजात मिल सके। वित्त मंत्रालय भी एक तारीख से बैंकों पर खास नजर रखेगा। सरकार की कोशिश होगी कि बैंकों के स्तर पर पिछलों दिनों आई शिकायतों को कम किया जा सके।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।