सेंसेक्स में 109 अंकों की तेजी
(India)

मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच विदेशी कोषों के प्रवाह और निवेशकों की खरीदारी के चलते शुरुआती कारोबार में शुक्रवार (9 दिसंबर) को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स करीब 109 अंक चढ़ गया। तीस कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुक्रवार को 108.98 अंक यानी 0.40 प्रतिशत चढ़कर 26803.26 अंक पर खुला। इसमें यह तेजी सूचना प्रौद्योगिकी, टिकाऊ उपभोक्ता सामान, रीयल्टी, पूंजीगत सामान, वाहन और धातु उद्योगों के शेयरों के बेहतर रहने के चलते देखी गई है। पिछले सत्र के कारोबार में सेंसेक्स 457.41 अंक सुधरा था। इसी बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 25.05 अंक यानी 0.30 प्रतिशत सुधरकर 8271.90 अंक पर पहुंच गया है। ब्रोकरों के अनुसार खुदरा निवेशकों और विदेशी कोषों के बढ़े प्रवाह के चलते शेयर बाजारों में तेजी आई है। इसके अलावा एशियाई बाजारों में स्थिर रुख और यूरोपीय सेंट्रल बैंक के अपने प्रोत्साहन कार्यक्रम का विस्तार करने से भी शेयर बाजार को मजबूती मिली है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।