सीबीआई ने 3,600 करोड़ रुपये के अगुस्तावेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर करार में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार पूर्व भारतीय वायुसेना प्रमुख एस पी त्यागी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेगी। सीबीआई ने शुक्रवार को त्यागी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया, पहली बार किसी पूर्व भारतीय वायुसेना प्रमुख को केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से गिरफ्तार किया गया है। साल 2007 में एयर चीफ मार्शल के पद से सेवानिवत हुए त्यागी से सीबीआई पहले गहन पूछताछ कर चुकी है। त्यागी के साथ उनके चचेरे भाई संजीव उर्फ जूली त्यागी और वकील गौतम खेतान को भी गिरफ्तार किया गया है। एक जनवरी 2014 को भारत सरकार ने वायुसेना के लिए 12 एडब्ल्यू-101 हेलीकॉप्टरों की खरीद को लेकर फिनमेकेनिका की ब्रिटिश सहयोगी अगुस्तावेस्टलैंड के साथ हुए अनुबंध को रद्द कर दिया था। अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन और अनुबंध हासिल करने के लिए अगुस्तावेस्टलैंड की ओर से कमीशन के तौर पर 423 करोड़ रुपये दिए जाने के आरोपों के कारण अनुबंध रद्द किया गया था। इस मामले में सुराग और सबूत जुटाने की खातिर सीबीआई ने कई देशों को लेटर्स रोगेटरी यानी न्यायिक अनुरोध-पत्र भी भेजे थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।