मणिपुर में उग्रवादियों ने किया सेना की चौकी पर हमला
(India)
मणिपुर में तामेंगलोंग जिले के ननगकाओ में शनिवार को उग्रवादियों ने इंडिया रिजर्व बटालियन की छोटी चैकी पर हमला किया और वे नौ अत्याधुनिक हथियार एवं गोलाबारूद लेकर चले गए। करीब बारह बजे संदिग्ध उग्रवादियों ने चार एसएलआर, तीन इंसास राइफल, एक ए के राइफल और एक अन्य स्वचालित आग्नेयास्त्र लूट लिया। पिछले तीन दिनों में यह सुरक्षा बलों पर चैथा हमला है जिनके लेकर संदेह है कि उग्रवादियों ने इन्हें अंजाम दिया बृहस्पतिवार को चांडेल जिले के लोकचाओ और बोंगयांग में तथा नोनी जिले के नोनी में उग्रवादियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर हमला किया था । इन हमलों में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए जबकि 14 अन्य घायल हो गए। इन हमलों में शनिवार का हमला पहला हमला है जिसमें हथियार लूट लिये गये। वैसे अपुष्ट खबर है कि उग्रवादी कुल 20 हथियार लूटकर चले गए। बता दें, इंफाल शहर में शुक्रवार (16 दिसंबर) को रात एक घंटे के दौरान श्रंखलाबद्ध कई विस्फोट हुए। पुलिस ने शनिवार (17 दिसंबर) को बताया कि शुक्रवार (16 दिसंबर) रात आठ बजे के करीब 20-20 मिनट के अंतराल पर हुए विस्फोट में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इंफाल शहर के बीच में स्थित नगारम के बेहद भीड़भाड़ वाले फेयरीलैंड इलाके में शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक ठेकेदार शंगरीहान मुइवा के आवास पर पहला आईएडी विस्फोट हुआ। विस्फोट में खिड़की के शीशे और घर के कुछ अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय मीडिया ने दावा किया कि शंगरीहान मुइवा एनएससीएन (आईएम) के प्रमुख थुइंगालेंग मुइवा के बड़े भाई हैं। सरकारी सूत्रों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।