वेनेजुएला में नोटबंदी का फैसला दो सप्ताह के लिए टला
(India)
वेनेजुएला में नोटबंदी के फैसले को दो सप्ताह के लिए ताल दिया गया है। नोटबंदी को टालने का फैसला देश में मची अफरा-तफरी के बाद लिया गया है। वेनेजुएला की सरकार ने बयान जारी करके कहा है कि 100 बोलिवर के नोट हटाने का फैसला दो जनवरी तक टाल दिया गया है। बता दें, भारत की नोटबंदी की तरह ही वेनेजुएला में भी 100 बोलिवर का नोट वापस लिए जाने का फैसला लिया गया था। साथ ही लोगों को तीन दिन के भीतर ही पुराने नोट बैंकों में जमा कराने के लिए कहा गया था। सरकार के इस फैसले के बाद पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन होने लगे। प्रदर्शनों ने हिंसक रूप भी धारण कर लिया। फैसले के बाद देश में फैली हिंसा में दर्जनों दुकानें लूटी गई हैं। इसके साथ ही विरोध-प्रदर्शन में तीन लोगों की मौत की भी खबर है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। देश के कई शहरों में हिंसक झड़प की भी खबर है। पुलिस ने दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए साजिश रची गई है। नोटबंदी के फैसले के साथ ही सरकार ने लोगों से ई-ट्राजेक्शन करने के लिए कहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां 40 फीसदी लोगों के पास तो बैंक अकाउंट ही नहीं है। इसके साथ ही बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी लाइन देखने को मिली। भारत में भी नोटबंदी के फैसले के बाद बैंक और एटीएम के बाहर लंबी लाइन देखने को मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बंद करने का ऐलान आठ नवंबर को किया था। इसके साथ ही लोगों को अपने पुराने नोट 30 दिसंबर तक बैंकों में जमा कराने के वक्त दिया गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।