नोटबंदी का समर्थन करने वाली भाजपा की सहयोगी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अब कहा है कि 40 से अधिक दिन बीत जाने के बावजूद नोटबंदी से उत्पन्न समस्या का समाधान अब भी नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण हो रही परेशानियों को कम करने के बारे में मैं रोजाना दो घंटे समय देता हूं। लेकिन हम इस समस्या का समाधान ढूंढने में असफल हैं। चंद्रबाबू ने विजयवाड़ा में अपनी पार्टी के सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों और अन्य नेताओं के एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमने नोटबंदी की कामना नहीं की थी, लेकिन यह हुआ। नोटबंदी के 40 दिनों से अधिक बीत जाने के बाद भी ढेर सारी परेशानियां हैं, लेकिन अभी भी हल नहीं दिख रहा है।श् बता दें कि चंद्रबाबू नायडू नोटबंदी पर गौर करने के लिए बनी 13-सदस्यीय केंद्रीय समिति के प्रमुख भी हैं। आंध्र के सीएम ने कहा कि लोगों को अपनी बुनियादी जरूरत की चीजें खरीदने के लिए नई करेंसी नहीं मिल रही है और बैंक तथा एटीएम में रोज कैश की किल्लत देखी जा रही है। उन्होंने कहा- नोटबंदी के कारण हो रही परेशानियों को कम करने के बारे में मैं रोजाना दो घंटे समय देता हूं। मैं रोज अपना सिर फोड़ता हूं, लेकिन हम इस समस्या का समाधान ढूंढने में असफल हैं। चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘जिन लोगों को नोटबंदी के संकट को मैनेज करने के लिए लगाया गया है, वे कुछ भी करने के काबिल नहीं है। आरबीआई भी इस मामले में कुछ नहीं कर पा रही है। यह अभी भी बेहद संवेदनशील और जटिल समस्या है।’ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी का एलान किया था तो उसके बाद चंद्रबाबू नायडू ने इसका समर्थन किया था और इस फैसले का क्रेडिट भी लिया था। उन्होंने नोटबंदी के अगले ही दिन सोशल मीडिया पर नोटबंदी के लिए क्रेडिट लेते हुए कहा कि यह तेलुगू देशम पार्टी की नैतिक जीत है। नायडू ने 12 अक्टूबर को नोटबंदी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।