अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के चार दिनों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। दोनों ने भारत-अमेरिका संबंधों पर वार्ता की। अभी पूरी बातबीच का ब्यौरा नहीं मिल सका है, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि बातचीत बहुत शानदार रही। ट्रंप ने भारत को सच्चा दोस्त और दुनिया भर में चुनौतियों का सामना करने में महत्वपूर्ण साझेदार बताया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप और मोदी ने आर्थिक और रक्षा सहयोग पर बल दिया। साथ ही ट्रंप ने इस साल के अंत तक मोदी को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप 20 जनवरी को शपथ ग्रहण करने के बाद से अब तक मोदी को मिलाकर पांच विदेशी नेताओं से फोन पर बात कर चुके हैं। ट्रंप ने गत 21 जनवरी को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन त्रुदू और मेक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना नितो से बात की थी उन्होंने रविवार को इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की थी और कल उन्होंने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से फोन पर बात की। ट्रंप ने आठ नवंबर को हुये राष्ट्रपति चुनाव में अपनी एतिहासिक जीत से दुनिया को हैरत में डाल दिया था। ट्रंप की जीत के बाद उन्हें सबसे पहले बधाई देने वाले दुनिया के पांच नेताओं में से एक मोदी थे। चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप ने सत्ता में आने के बाद इस्राइल समेत जिन देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने की बात की थी उन देशों में भारत का नाम भी था।
Author: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।