गणतंत्र दिवस पर हवाई हमले की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम
(India)
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगाह रखने के लिए राजधानी दिल्ली में हजारों की संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया जा रहा है। खुफिया सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए किसी भी हवाई हमले की आशंका को नाकाम बनाने के लिए खास तैयारी की गई है। खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट किया है कि आतंकी 9/11 की तर्ज पर हवाई जहाज के जरिए दिल्ली में हमला कर सकते हैं। इसे देखते हुए ऐतिहासिक राजपथ पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं, जहां सशस्त्र सेना के सुप्रीम कमांडर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी देश की सैन्य ताकत के प्रदर्शन को देखेंगे। पूरे मध्य और नई दिल्ली क्षेत्र में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के करीब 50 हजार जवानों को तैनात किया गया है जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। हाल की खुफिया सूचना में लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी समूहों की ओर से हेलिकॉप्टर चार्टर सेवाओं और चार्टर उडानों का इस्तेमाल करके हवाई हमला करने की योजना की आशंका व्यक्त की गई है। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऐसे किसी भी हमले को नाकाम करने या उड़ती संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए पुलिस ऐंटी-ड्रोन तकनीक इस्तेमाल कर रही है।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।