यूपी में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न
(India)


यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शाम पांच बजे खत्म हो गया। हालांकि पांच बजे तक लाइन में लगे वोटर मतदान कर सकेंगे। मालूम हो कि सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था। यूपी के पहले फेज में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 15 जिलों की 73 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले गए। प्रदेश में चार बजे तक तकरीबन 55 फीसदी वोटिंग हुई है। अलीगढ़ में 55.55 फीसदी, आगरा 56.08 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दौरान मेरठ के सरधना में बूथ नंबर 60 पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाकर भाजपा और बसपा के समर्थकों ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। फर्जी मतदान करने का आरोप लगाया गया। इसके लिए लोगों ने विधायक संगीत सोम को घेरा। संगीत सोम का कहना है कि कि विवाद की जानकारी मिलने पर वह इसे रोकने के लिए पहुंचे थे। वहीं, दोपहर एक बजे तक अलीगढ़ जिले की सात विधानसभा सीटों पर करीब 39 फीसदी मतदान की खबर थी। कोल में 39, शहर में 46, अतरौली में 32, छर्रा में 35, खैर में 39, बरौली में 38 और इगलास में 43 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, मथुरा की पांच विधानसभा सीटों पर कुल 41 फीसदी मतदान हुआ है।

मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 826 कंपनी केंद्रीय बलों की ड्यूटी लगाई गई है।सुबह बागपत के पोलिंग बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी आने की भी खबरें आई थीं , जिसकी वजह से मतदान कुछ समय के लिए रुका भी। फिरोजाबाद के लेबर कॉलोनी में बूथ संख्या 169 में 7.50 तक मतदान शुरू नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि यह दिक्कत मशीन खराब होने की वजह से आई है। वहीं शामली के चैसाना के ताहरपुर गांव मे चुनाव का बहिष्कार किया गया। सुबह 9रू30 तक किसी ने भी मतदान नहीं किया। इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह से बेखबर रहा।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।