यूपी में चौथे चरण के लिए मतदान जारी
(India)
यूपी में हो रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में अवध और बुंदेलखंड के 12 जिलों की 53 विधानसभा सीटों पर आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक यूपी में 10.23 फीसदी वोटिंग हुई है। इलाहाबाद में 10.3 फीसदी, फतेहपुर में 9.8, ललितपुर में 9 फीसदी मतदान हुआ है। महोबा में सपा और बसपा समर्थकों के बीच गोलीबारी हुई है। सपा उम्मीदवार सिद्धगोपाल साहू के बेटे साकेत साहू सहित तीन लोगों को गोली लगी जिसके बाद गंभीर हालात में दोनों को अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, ईवीएम मशीन खराब होने की वजह से रायबरेली जिले के सदर विधानसभा 180 के बूथ संख्या 256 में 2 घंटे विलंब से शुरू हुआ। इन 53 विधानसभा सीटों पर कुल 680 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 61 महिला उम्मीदवार हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बुधवार को बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन 53 सीटों में बीएसपी ने सभी 53 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं जबकि भाजपा ने 48, कांग्रेस ने 25, सपा ने 33, एनसीपी ने तीन, सीपीआई ने 17, सीपीआईएम ने तीन प्रत्याशी उतारे हैं। गैरमान्यता प्राप्त छोटे राजनीतिक दलों के कुल 260 उम्मीदवार खड़े हैं और निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 199 है। सबसे अधिक 26 प्रत्याशी इलाहाबाद उत्तर विधानसभा सीट पर खड़े हैं जबकि सबसे कम 6-6 उम्मीदवार फतेहपुर की खागा, प्रतापगढ़ की कुण्डा, कौशाम्बी की मंझनपुर सीट पर हैं। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए 1308 मतदान केन्द्रों पर डिजिटल कैमरे, 991 मतदान केन्द्रों पर वीडियो कैमरे लगाए गए हैं जबकि 2079 मतदान केन्द्रों पर मतदान की सारी गतिविधियों पर सीधे नजर रखने के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।