बीएमसी मेयर के लिए भाजपा और शिवसेना दोनों पेश करेंगे दावेदारी
(India)
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनाव में भाजपा और शिवसेना को करीब बराबर सीटें मिलने के बाद मेयर पद की लड़ाई दिलचस्प हो गई है। शिवसेना के साथ भाजपा ने भी संकेत दिए हैं कि वह मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी। वहीं, बीएमसी चुनावों में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को विश्वास जताया कि पार्टी स्थानीय निकाय में मेयर का पद बरकरार रखेगी, हालांकि वह किसी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर स्पष्ट बोलने से बचते नजर आए। 227 सीटों वाले स्थानीय निकाय का चुनाव परिणाम आने के बाद शिवसेना को सबसे ज्यादा 84 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा को 82 सीटों पर जीत मिली है। संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने कहा, जल्दी क्या है कुछ दिन इंतजार करें। हमने अभी तय नहीं किया है कि गठबंधन होना है या नहीं। हम जल्दी तय करेंगे। हालांकि ठाकरे ने स्वीकार किया कि पार्टी को ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, लेकिन, हमने जो भी जीता है, वह हमारे सैनिकों के बलबूते पर जीता है। हम मुंबईवासियों के कृतज्ञ हैं जिन्होंने लगातार पांचवीं बार हम पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा, मैं अभी भी जीत की मिठाइयां खा रहा हूं गठबंधन पर अभी भी फैसला नहीं हुआ है।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।