अलवर में संक्रमित खून से 8 मरीजों की मौत
(India)
अलवर में पिछले 5 दिन में 8 मरीजों की मौत के पीछे सेठ माखन लाल महावर चेरिटेबल ब्लड बैंक के खून में संक्रमण को कारण माना जा रहा है। इस आशंका के बाद शुक्रवार को चिकित्सा विभाग की टीम ब्लड बैंक की जांच के लिए पहुंची और 20 दिन का रिकाॅर्ड जब्त कर लिया। टेस्टेड 6 ब्लड ग्रुपों के सैंपल भी लिए हैं। इन्हें कल्चर टेस्ट के लिए जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल भेजा जाएगा। ब्लड बैंक में रखा खून मरीजों को जारी करने पर रोक लगा दी गई है। जांच रिपोर्ट आने तक टीम ने ब्लड बैंक में उपलब्ध 228 यूनिट कांसन्ट्रेट ह्यूमन आरबीसी (टेस्टेड ब्लड), 478 यूनिट फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा, 185 यूनिट अनटेस्टेड ब्लड की जांच करने एवं 3 यूनिट होल ह्यूमन ब्लड को जारी करने पर रोक लगा दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों से भी रिकार्ड जुटा रहा है, इसके बाद मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। शुक्रवार दोपहर कटोरी वाला तिबारा निवासी एक महिला की मौत के बाद परिजन सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे और उसकी मौत के पीछे भी संक्रमित ब्लड चढ़ाने की आशंका जताई। इसके बाद जांच शुरू की गई। ब्लड बैंक अधिकारियों ने कल्चर रिपोर्ट 14 दिन में आने की बात कही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।