यौन शोषण का आरोपी गायत्री प्रजापति लखनऊ से गिरफ्तार
(India)
गैंगरेप और यौन शोषण के आरोप में 16 दिनों से फरार चल रहे गायत्री प्रजापति को पुलिस ने आज लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रजापति की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने उनके बेटे अनुराग व भतीजे अनिल को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। एडीजी दलजीत चैधरी ने आज कहा कि वो इतने दिनों से हरियाणा और दिल्ली में कहीं छिपा था। पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने बीते दिनों उनके साथियों की गिरफ्तारी के बाद साफ कह दिया था कि 24 घंटे के अंदर इसकी भी गिरफ्तारी हो जाएगी। गौरतलब है कि गायत्री 27 फरवरी से फरार थे। उसके बाद छह मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने गैंगरेप के आरोपी गायत्री प्रजापति को कोई भी राहत देने से इनकार कर दिया था। प्रजापति अपनी गिरफ्तारी और एफआईआर पर रोक लगवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गए थे, प्रजापति को अदालत ने कहा था कि वह संबंधित कोर्ट में याचिका दायर करें। फरार चल रहे प्रजापति ने अपनी याचिका में मामले को राजनीति से प्रेरित बताया था, लेकिन अदालत ने उनकी कोई दलील नहीं सुनी। पुलिस ने प्रजापति के बेटे और भतीजे से पूछताछ के बाद सीओ हजरतगंज व आलमबाग की टीम ने फरार साथियों पिंटू सिंह उर्फ अमरेन्द्र सिंह, रूपेश और विकास वर्मा को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस अब तक गायत्री प्रजापति के गनर रहे चन्द्रपाल, लेखपाल अशोक तिवारी, आशीष शुक्ला को गिरफ्तार कर चुकी है।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।