एनआईए करेगी भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन धमाके की जांच
(India) आतंकवादी संगठन आईएस की विचारधारा से प्रभावित तीन युवकों द्वारा भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में सात मार्च को किए गए धमाके की जांच का जिम्मा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अपने हाथ में ले लिया है। शाजापुर जिले में जबड़ी रेलवे स्टेशन पर भोपाल से उज्जैन जा रही पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में किये गये इस धमाके में 10 यात्री घायल हो गये थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश एटीएस ने इस मामले की जांच से संबंधित दस्तावेज के साथ-साथ केस डायरी एनआईए को कल सौंप दी। एनआईए की टीम कल दिल्ली से यहां आई और इस मामले की जांच का जिम्मा लेने के बाद यह दल इस मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश के तीन आरोपियों मोहम्मद दानिश (27) एवं मोहम्मद आतीफ (22) एवं सैय्यद मीर हुसैन (19) से पूछताछ करेगा।

दानिश एवं आतीफ कानपुर के निवासी हैं, जबकि सैय्यद कन्नौज का रहने वाला है और इन तीनों युवकों को मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के पिपरिया से धमाके के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके द्वारा विस्फोट किया गया बम पाइप बम था और घटनास्थल पर मिले अवशेष जीआई पाइप पर आईएसआईएस नाउ इन इंडिया लिखा हुआ था।

तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस को बताया था कि वे आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा से प्रभावित थे और उन्होंने बम बनाने की कला एक उग्रवादी संगठन की ऑनलाइन मैग्जीन इंस्पायर से सीखी थी। इसके अलावा, वे इंटरनेट पर आईएस का साहित्य भी पढ़ते थे। भोपाल की एक अदालत ने नौ मार्च को इन तीनों आरोपियों को 23 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा था।

Author: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।