ये है दक्षिण भारत की पहली लग्जरी ट्रेन, किराया जानकर उड़ जाएंगे होश
(India) भारत में लग्जरी ट्रेनों की ग्राहकी तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि मोटी जेबों वाले खास सैलानियों के लिए एक के बाद एक नई शाही ट्रेनें पटरियों पर उतर रही हैं। पैलेस ऑन व्हील्स के नए आधुनिक संस्करण को उतारने की तैयारी चल ही रही है। उधर पंजाब में भी एक लग्जरी ट्रेन लाने की चर्चा है। इन सबके बीच कर्नाटक टूरिज्म ने गोल्डन चैरियट नाम से लग्जरी ट्रेन पटरियों पर उतार दी है। दक्षिण भारत की यह पहली लग्जरी ट्रेन है।
ट्रेन डेक्कन ओडिसी और पैलेस ऑन व्हील्स की ही तर्ज पर है। शानो-शौकत में भी और किराये में भी। जाहिर है निशाने पर विदेशी सैलानी ही ज्यादा हैं। यह ट्रेन कर्नाटक व गोवा के कई पर्यटन स्थलों की फाइव स्टार सैर कराएगी। आईटी सिटी बंगलुरू से शुरू होकर हफ्ते भर की यात्रा मैसूर, काबिनी, हसन, बेलूर, श्रवणबेलगोला, हम्पी, अईहोल, पट्टाडकल, बादामी और गोवा होते हुए फिर से बंगलुरू पर खत्म होती है।

ठीक एक ऐसी ही यात्रा बंगलुरू के बजाय गोवा से शुरू होकर गोवा पर खत्म होती है। बंगलुरू से यह हर सोमवार को और गोवा से हर रविवार को शुरू होती है। विश्व धरोहर के रूप में मान्य हम्पी में स्थित पत्थर के रथ के नाम पर ही इस ट्रेन को गोल्डन चैरियट नाम दिया गया है।
ट्रेन की बनावट व साज-सज्जा की बात करें तो इसमें भी राजसी छाप सब तरफ है। मैसूर व होयसला शिल्प का मुख्य तौर पर इसमें इस्तेमाल किया गया है। ट्रेन के कोचों के नाम कर्नाटक पर शासन करने वाले 11 राजवंशों-कदम्ब, होयसला, राष्ट्रकूट, गंगा, चालुक्य, भाहमनी, आदिलशाही, संगमा, षठवष्णा, युदुकुला व विजयनगर के नाम पर रखे गए हैं। हर कोच पूरी तरह एयरकंडीशंड है।

हर कोच में वाई-फाई, एलसीडी टीवी, डीवीडी, अल्मारी, ड्रेसिंग टेबल, राइटिंग डेस्क, प्राइवेट बाथरूम और बाकी सहूलियतें मौजूद हैं। ट्रेन में दो रेस्तरां कोच नला व रुचि, एक बार कोच मदिरा, एक कांफ्रेंस कोच, स्पा व आयुर्वेदिक मसाज की सुविधा वाला एक जिम कोच भी है।

Author: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।