सुसाइड की कोशिश करने वाले युवक को इस अखबार के पत्रकार ने बचाया
(India) ठगी के मामले में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने गुरुवार दोपहर कमिश्नर कार्यालय के सामने पार्क में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के समय पार्क के पास पीएसी और पुलिस फोर्स तैनात थी, लेकिन किसी का ध्यान नहीं गया। हिन्दुस्तान अखबार से जुड़े छायाकार अनुज कुमार ने युवक को देखा तो दौड़कर उसे गोद में उठा लिया। इसी दौरान वहां पहुंचे अन्य मीडियाकर्मी और पुलिस के लोग भी वहां पहुंच गए और युवक की जान बच गई।

सिविल लाइन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। ब्रह्मपुरी के मोहल्ला नई हनुमानपुरी मकान नंबर-41 एसके रोड निवासी ब्रिजेश कुमार गुप्ता गुरुवार दोपहर कमिश्नर कार्यालय के सामने पहुंचे। ब्रिजेश गुप्ता ने एमडीए पार्क में पेड़ से एक तार बांधना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने सोचा कि कोई बिजली तार ठीक कर रहा है। इसी दौरान ब्रिजेश गुप्ता ने तार का फंदा बनाया और गले में बांधकर पेड़ से लटक गया। पार्क के पास ही मौजूद अनुज कुमार वहां पहुंच गया और दौड़कर युवक को गोद में उठा लिया।

घटना का पता लगते ही पीएसी और पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। सूचना फ्लैश की गई और सिविल लाइन पुलिस को बुलाया गया। ब्रिजेश गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2011-12 में उन्होंने झांसी की एक कंपनी को 2.50 लाख रुपये दिए थे। कंपनी ने कुछ कृषि सामग्री देने को कहा था, लेकिन सामान नहीं मिला। बाद में चेक वापस दिए गए लेकिन वो चेक बाउंस हो गया। इसके बाद न तो सामान मिला और न ही पैसा वापस आया।

इसी दौरान उसने दिल्ली की एक कंपनी से आधार कार्ड बनाने का काम लिया था, लेकिन बाद में वहां भी धोखाधड़ी हो गई। ब्रिजेश ने आरोप लगाया कि इन मामलों में कई बार शिकायत दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। सिविल लाइन पुलिस ब्रिजेश को थाने ले आई। परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया गया। ब्रिजेश के बड़े भाई मुकेश गुप्ता दोपहर बाद थाने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि ब्रिजेश की हालत ठीक नहीं है और वह अवसाद में है। पुलिस ने शाम को ब्रिजेश को परिजनों की सुपुर्दगी में छोड़ दिया। एसएसआई ओमवीर गुप्ता ने बताया परिजन बता रहे हैं ब्रिजेश का उपचार चल रहा है। कोई कार्रवाई नहीं की गई।

Author: Administrator

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।