नेशनल लेवल की महिला ‘शूटर’ ने बदमाशों को मारी गोली,किडनैप देवर को कराया आजाद
(DELHI, DELHI) नेशनल स्तर की महिला शूटर ने बहादुरी दिखाते हुए दो बदमाशों को गोली मार अपने अपहृत देवर को उनके चंगुल से छ़ुड़ाया। महिला की हिम्मत से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ अपहरण करने का मामला दर्ज लिया है। घटना गुरुवार देर रात यमुनापार के भजनपुरा इलाके में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नोएडा निवासी अमित और भजनपुरा निवासी रहीस के रूप में हुई है। वहीं अपहरणकर्ताओं से मुक्त कराए गए महिला के देवर की पहचान दिल्ली स्थित टेलीग्राफ लेन निवासी 21 वर्षीय आसिफ मोहम्मद के रूप में हुई है। आसिफ आसिफ शहीद भगत सिंह कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। साथ ही वह पार्ट टाइम कैब भी चलाता है। कैब चलाते हुए ही उसे अपहरणकर्ताओें ने हथियार के बल पर अगवा कर लिया था। अपहरणकर्ताओं ने जस्ट डायल के जरिये दरियागंज से आनंद विहार जाने के लिए कैब बुक किया था। आनंद विहार पहुंचने के बाद दोनों ने कैब चालक आसिफ मोहम्मद को गाजियाबाद लेकर चलने को कहा। फिर गाजियाबाद इलाके में स्थित सूनसान स्थान पर उसे रोक कर हथियार के बल पर उससे लूटपाट करने लगे। इस दौरान उन्हें ड्राइवर की जेब से निकले पर्स में महज डेढ़ सौ रुपये मिले। फिर बदमाशों ने आपस में बात की कि इसे गोली मार इसकी कार लूटकर फरार हो जाते हैं।अपहरणकर्ताओं से डरे-सहमे कैब चालक ने फिर उनसे यह कहा कि वे उसे छोड़ दें। वह घर से 25 हजार रुपये मंगाकर उन्हें दे देगा। फिर उसने नेशनल स्तर के शूटर’ अपने चचेरे भाई फलक शेर आलम को फोन कर उनसे 25 हजार रुपये की मांग की और खुद का अपहरण किए जाने की बात बताई। यह भी कहा कि वह रकम लेकर भजनपुरा चौक के पास पहुंचे।


इसके बाद शेर अपनी पत्नी और नेशनल स्तर की ‘शूटर’ आइशा फलक और अपने एक अन्य भाई को लेकर रकम देने के लिए चल पड़ा।निकलते वक्त फलक शेर आलम ने घटना के बारे में पुलिस को भी बता दिया। साथ ही अपने एक अन्य चचेरे भाई को भी कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचने को कहा। रास्ते में मिली पुलिस भी शूटर दंपती के पीछे-पीछे सादी वर्दी में बदमाशों की घेराबंदी करने के लिए चल पड़ी थी। इस बीच रास्ते में लगातार अपहरणकर्ताओं से इनकी बात हो रही थी। बदमाशों ने जब कार नंबर और उसमें सवार लोगों के बारे में पूछा तो आलम ने अपने साथ अपनी पत्नी और एक भाई के होने की बात कही। इस बदमाशों ने उससे कहा कि महिला को ही वह रकम लेकर उनकी कार के पास भेजे। बदमाशों ने सोचा भी नहीं था कि जिस महिला को वह सामान्य महिला समझते हुए उससे रकम लेकर आने को कह रहे हैं, वह नेशनल स्तर की ‘शूटर’है और हथियार से लैस है। हालांकि उन्होंने महिला को अपनी कार की तरफ बुला लिया। इस बीच महिला एक अन्य चचेरा देवर भी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसने अपनी कार बदमाशों के कार के आगे लगा दी। इस पर बदमाशों को लगा कि इस कार में पुलिस आई है तो उन्होंने हथियार निकाल महिला के देवर आसिफ पर ताना, तबतक महिला शूटर ने फूर्ति दिखाते एक के पैर में जबकि दूसरे के कमर में गोली मार दी।


मौके पर पुलिस पहुंच गई और घायल दोनों बदमाशों को पास के अस्पताल के अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद बहादुर महिला ‘शूटर’ के पीड़ित देवर के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। इलाज के बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने में जुटी है। वहीं यह भी पता लगा रही है कि इन्होंने इसके पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने महिला ‘शूटर’ आइशा फलक के हथियार को जब्त कर लिया है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही हथियार आइशा को मिल पाएगा। आइशा के पति का कहना है कि यह लाइसेंसी हथियार है। पति-पत्नी दोनों ही शूटिंग का प्रशिक्षण देते हैं। पुलिस वेलफेयर सोसाइटी के साथ मिलकर भी ये शूटिंग का प्रशिक्षण देते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।