राजस्थान सरकार की पहल: दुकानों के बाहर लिखा- प्लास्टिक की थैली मांगकर न करें शर्मिन्दा
(Jaipur, Jaipur) नगर निगम जयपुर द्वारा शुक्रवार से पॉलिथीन कैरी बैग के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान और दुकान के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन रखने के अभियान के लिए आयुक्त रवि जैन दोपहर में छोटी चौपड़ पहुंचे। वहां उन्हें लोगों को पॉलीथीन कैरी बैग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने लगभग सभी दुकानों के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन देखकर हर्ष व्यक्त किया। जिन दुकानदारों ने डस्टबिन नहीं रखा था, उनसे समझाइश की और चालान भी करवाया।जैन ने छोटी चौपड़ पर लोगों को मुफ्त में कपड़े के थैले वितरित किए। उन्होंने लोगों को इधर-उधर कचरा न करने के लिए प्रेरित किया। जैन ने चांदपोल बाजार में एक कचौरी की दुकान पर गंदगी देखी और दुकानदार को तुरंत सफाई करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को चालान काटने के निर्देश दिए।
जैन संसार चंद्र रोड होते हुए सहकार मार्ग पहुंचे और लोगों को प्लास्टिक कैरी बैग इस्तेमाल न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लाल कोठी सब्जी मंडी में सब्जी वालों से प्लास्टिक की थैलियां जब्त कीं। उन्होंने अधिकारियों को अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को डस्टबिन न रखने वाले सब्जी वालों का तुरंत चालान काटने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य शाखा और सभी जोनों में प्लास्टिक कैरी बैग जब्त करने की कार्यवाहियां की गईं और कैरिंग चार्ज भी वसूला गया। अभियान के दौरान कुल 151 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए गए। 64 चालान बनाए गए। कैरिंग चार्ज के रूप में 3,45,200 रुपए वसूले गए। साथ ही 4 स्थानों पर सीज की कार्यवाही की गई। स्वास्थ्य शाखा ने 20 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 23500 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। विद्याधर नगर जोन ने 25 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 59400 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। मानसरोवर जोन ने 15 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 44800 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला।
सांगानेर जोन ने 25 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 58000 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। हवामहल पूर्व जोन ने 16700 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। हवामहल पश्चिम जोन ने 55 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 2200 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। साथ ही मोहन लाल एंड सन्स चौड़ा रास्ता के प्लास्टिक की थैली के दो गोदाम सीज किए गए। मोतीडूंगरी जोन ने 02 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 26000 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला।

आमेर जोन ने 02 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 43600 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। साथ ही जमजम रेस्टोरेंट और एक हलवाई की दुकान मंगोड़ी वालों की बगीची पर डस्टबिन नहीं मिलने पर सीज की गई।
सिविल जोन ने 07 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए और 71000 रुपए कैरिंग चार्ज वसूला। इस अवसर पर उपायुक्त राजस्व विनोद पुरोहित, उपायुक्त हवामहल पश्चिम जोन दिनेश पारीक, उपायुक्त सिविल लाइन जोन रवींद्र शर्मा, उपायुक्त स्वास्थ्य प्रथम नवीन भारद्वाज, उपायुक्त स्वास्थ्य द्वितीय करणी सिंह और नगर निगम जयपुर के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

लोगों ने प्लास्टिक कैरी बैग के स्थान पर कपड़े, कागज और जूट के थैले इस्तेमाल करना शुरू किए। चारदीवारी में तो कई दुकानों के बाहर लिखा मिला- प्लास्टिक की थैली मांगकर शर्मिन्दा न करें। चांदपोल बाजार में कई दुकानदार खासतौर पर कपड़े के थैले बेचते नजर आए। महापौर डॉ. अशोक लाहोटी और आयुक्त रवि जैन द्वारा लोगों से पॉलीथीन कैरी बैग इस्तेमाल न करने और दुकान के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन रखने की अपील कारगर साबित हुई। पूरे जयपुर शहर के व्यापारियों और दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर एक-एक डस्टबिन रखे और पॉलीथीन कैरी बैग इस्तेमाल न करने का प्रण लिया।


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।