श्रीनगर:  छह सालों से अकेले कर रहा है वुलर झील की सफाई, निगम ने बनाया ब्रांड एम्बेसडर
(Srinagar, Srinagar) कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो तमाम मुश्किलें भी रास्ता नहीं रोक पातीं। एक से बढ़कर एक बड़ी मुसीबतें भी इच्छाशक्ति के आगे घुटने टेक देती हैं। इसी बात को साबित किया है कश्मीर के एक छोटे से गांव के रहने वाले किशोर बिलाल अहमद डार ने। उसके इस जज्बे और कारनामे को पूरा देश सलाम कर रहा है।
सफाई के लिए अलख जगाने वाले और वुलर झील को साफ करने की जिद ने उसे देशभर में हीरो बना दिया है। इतना ही नहीं, उसके इस बेहतरीन कारनामे की वजह से श्रीनगर नगर निगम ने उसे अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है।

आपको यह जानकार हैरानी होगी कि महज 18 साल का किशोर बिलाल डार पिछले छह साल से वुलर झील की सफाई में निरंतर लगा हुआ है। इस झील से प्लास्टिक और गंदगी को हटाना उसकी दिनचर्या में शुमार है। हर दिन झील पहुंचकर पानी के अंदर और झील के आस-पास से प्लास्टिक के सामान, बोतल, पॉलिथीन को इकट्ठा करना और उन्हें वहां से हटाना उसकी आदतों में शुमार हो गया है। बिलाल की इस पहल से वुलर झील पहले से काफी साफ और सुंदर हो रही है।

बिलाल का बचपन काफी मुसीबतों में गुजरा है। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के लहावारपोरा गांव में रहने वाला बिलाल जब छठी कक्षा में पढ़ता था, तभी उसके सिर से पिता का साया उठ गया। घर पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। कुछ दिनों जैसे-तैसे घर चला। लेकिन बाद में पैसों की किल्लत की वजह से उसकी मां के लिए घर चलाना और बिलाल और उसकी दो बहनों का पेट पालना मुश्किल हो गया। घर की मजबूरी को देखकर बिलाल ने बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी और इधर-उधर कुछ काम करना शुरू कर दिया। शुरुआत में एक ढाबे में काम मिला, लेकिन बालश्रम की वजह से वहां से भी निकाल दिया गया। फिर एक दिन जब एक आदमी को उसने प्लास्टिक की थैलियों और बोतलों को ले जाते हुए देखा तो उससे पूछने पर पता चला कि वह इसे बेचने के लिए ले जा रहा है। बिलाल अपने घर के पास वुलर झील में अक्सर प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन आदि फेंके हुए देखा करता था। उसे यह सब काफी बुरा लगता था। प्लास्टिक की बोतलें ले जाते इंसान को देखकर उसने फैसला किया कि वह वुलर झील की सफाई करेगा और वह इस काम में पूरे जी जान से जुट गया। हर दिन वह यहां से प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें और पॉलिथीन आदि को इकट्ठा करता है और उसे बाजार में बेच आता है। इससे एक तो झील भी साफ हो रही है और उसका परिवार भी गुजर-बसर कर रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।