छात्रसंघ चुनाव: गोरखपुर में छात्रों पर लाठीचार्ज और पथराव, छात्रसंघ चुनाव पर असमंजस..
(Gorakhpur, Gorakhpur) दीनदयाल उपाध्‍याय गोरखपुर विश्‍वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर असमंजस फैल गया है। चुनाव अधिकारी संजय बैजल ने आज सुबह एक बार 18 सितम्‍बर को इसे कराने की घोषणा की। चुनाव कार्यक्रम तक जारी कर दिया लेकिन थोड़ी ही देर डिप्‍टी सीएम डा.दिनेश शर्मा की मौजूदगी में छात्रसंघ चुनाव की बात खारिज हो गई। इसके बाद चुनाव की मांग को लेकर विश्‍वविद्यालय प्रशासनिक भवन गेट पर छात्रों का धरना एक बार फिर शुरू हो गया है। इसी के साथ हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया और पथराव हो गया।

संवाद भवन में डिप्‍टी सीएम ने कहा कि उन्‍होंने विश्‍वविद्यालय प्रशासन से लिंगदोह कमेटी के दिशानिर्देशाें का कड़ाई से पालन करते हुए शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद निर्धारित अवधि में चुनाव करा लेने काे कहा था। लेकिन विभिन्‍न कारणों से ऐसा नहीं हो सका। अब बेहद कम समय बचा है। निर्णय विश्‍वविद्यालय प्रशासन को लेना है। यदि इतने कम समय में लिंगदोह कमेटी के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए विवि प्रशासन चुनाव करा सकता है, साथ ही विवि परिसर और शहर की शांति व्‍यवस्‍था को सुनिश्चित करने की गारंटी ले सकता है तो चुनाव कराया जा सकता है।

विवि प्रशासन अपना प्रस्‍ताव भेजेगा तो सरकार इस पर निर्णय लेगी। डिप्‍टी सीएम के इतना कहने के बाद पहले से अनिर्णय की स्थिति में चल रहे विवि प्रशासन में इस मुद़दे पर और असमंजस फैल गया है। चुनाव अधिकारी और विवि प्रशासन से जुड़ा कोई अन्‍य जिम्‍मेदार अब इस बारे में बात नहीं कर रहा है। फिलहाल विवि प्रशासन ने इतना जरूर साफ किया है कि 18 सितम्‍बर को चुनाव नहीं होने जा रहे हैं जैसा कि सुबह चुनाव अधिकारी ने घोषणा की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।