जीबी रोड से कोठे तो बंद कराइए पर रोजी-रोटी की व्यवस्था भी करिए..जाने पूरा मामला !
(DELHI, DELHI) दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) जीबी रोड से कोठे तो बंद कराए पर साथ ही यहां काम करने वाली महिला सेक्स वर्करों (एफएसडब्ल्यू) को दूसरा रोजगार भी उपलब्ध करवाए। यह मांग डीसीडब्ल्यू द्वारा 125 कोठा संचालकों को समन जारी करने के बाद एफएसडब्ल्यू ने की।

दरअसल, डीसीडब्ल्यू ने जीबी रोड पर चल रहे अवैध काम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुबह से लेकर दोपहर तक इलाके का दौरा किया। इस दौरान आयोग ने कई कोठा संचालकों से बात करने का प्रयास किया। साथ ही उनके बिजली, पानी के बिलों के साथ ही मालिकाना अधिकार संबंधी जानकारी एकत्रित करने की कोशिश की। अधिकांश जगह आयोग को पर्याप्त जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद आयोग ने करीब 125 कोठा संचालकों के कोठों के बाहर समन चस्पा कर दिया। इन सभी कोठा संचालकों को 21 से 25 सितंबर तक आयोग में पेश होना है।

आयोग की इस कार्रवाई के बाद एफएसडब्ल्यू के लिए काम कर रही संगठन भारतीय पतीता उद्धार सभा की दिल्ली यूनिट उपाध्यक्ष नसरीन ने कहा कि जगह गंदी है, यहां गलत काम होता है, सिर्फ यह कह देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। यहां से निकलकर महिलाएं अपनी जीविका चलाने के लिए कुछ काम कर सकें, समाज उन्हें अपनाए, इसे लेकर भी आयोग को काम करना चाहिए। वहीं, आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने कहा कि महिलाओं का पुनर्वास किया जाएगा। हालांकि, डीसीडब्लू कोठे के असली मालिकों तक पहुंचकर कोठे बंद करवाने पर प्राथमिकता से ध्यान देगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।