वित्त मंत्री की घोषणा से झूमा भारतीय शेयर बाजार
(India) वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा मंगलवार (24 अक्टूबर) को भारतीय अर्थव्यवस्था को बेहतर करने से जुड़े उपायों की घोषणा का असर एक दिन बाद मार्केट पर देखने को मिला। सेंसेक्स 33 हजार के आंकड़े को पहली बार पार किया, जबकि निफ्टी भी आज तक के सबसे उच्चतम स्तर 10,340.55 पर पहुंच गया। बता दें कि नोटबंदी और जीएसटी से अर्थव्यवस्था की धीमी पड़ी चाल को तेज करने के लिये सरकार ने मंगलवार को 9 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की। इस पैकेज में करीब 7 लाख करोड रुपये ढांचागत क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं में खर्च के लिये हैं जबकि दो लाख करोड़ रुपये से कुछ अधिक राशि बैंकों में नई पूंजी डालने के लिये उपलब्ध कराए जायेंगे। वित्त मंत्री अरण जेटली ने मंत्रालय के पांचों सचिवों और मुख्य आर्थिक सलाहकार की उपस्थिति में तमाम आर्थिक संकेतकों को हवाला देते हुये सरकार के इस दावे को सही ठहराया कि आर्थिक वृद्धि में आया धीमापन अब समाप्त हो चला है और अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से बढ़ने लगी है। आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने के लिये उन्होंने ढांचागत क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं में 6.92 लाख करोड़ रुपये खर्च करने और एनपीए के बोझ तले दबे सरकारी क्षेत्र के बैंकों का पूंजी आधार मजबूत बनाने के लिये उनमें दो साल में 2.11 लाख करोड़ रपये की पूंजी डालने की घोषणा की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।