जहरीली हवा के सांये में दिल्ली:  NGT ने कहा गैस चैम्बर बन गई है दिल्ली, हाई कोर्ट ने लगाई फटकार
(DELHI, DELHI) दिल्ली में मौजूद स्मॉग पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) और दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली और केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। एनजीटी ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए कहा, 'आपने दिल्ली को गैस चैम्बर बना दिया है।' वहीं एनजीटी ने राज्य में निर्माण कार्य को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सरकार को आदेश दिए गए हैं कि वह राष्ट्रीय राजधानी से सटे इलाकों में फसलों को जलाने से रोकने के लिए कदम उठाए।

हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को दिल्ली एनसीआर में तेजी से बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर आपात बैठक बुलाने का निर्देश दिया है। हाई कोर्ट ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के सचिव को दिल्ली और एनसीआर के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ 3 दिन के भीतर बैठक करने को कहा है। हाई कोर्ट ने इसमें प्रदूषण नियंत्रण के उपाय तलाशने को कहा है। हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार को वाहनों के परिचालन के लिए दोबारा से सम विषम फार्मूला लागू करने पर भी विचार करने को कहा है। इसके साथ यह सरकार को तत्काल सड़कों को धोने के लिए कहा है ताकि धूल उड़ने की वजह से जो प्रदूषण हो रही है वह कम हो। हाई कोर्ट ने सरकार को उह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राजधानी में अभी अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति हो ताकि किसी को सांस लेने में दिक्कत होने पर इसकी कमी से परेशानी न हो।

बुधवार को स्मॉग की वजह से दिल्ली और एनसीआर में हालात बेकाबू हो चुके थे। हाई कोर्ट और एनजीटी ने दिल्ली सरकार से पूछा कि सरकार ने इस समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाए हैं। दिल्ली और एनसीआर बुधवार को स्मॉग की गहरी चादर से ढकी हुई थी। हाई कोर्ट ने फसल जलाने को स्मॉग का मेन विलेन करार दिया। वहीं एनजीटी ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की सरकारों को इस हालात से निबटने में असफल रहने पर फटकार भी लगाई। एनजीटी के चेयरपर्सन जस्टिस स्वतंत्र कुमार ने राज्य की सरकारों को इस स्थिति से निबटने के लिए तैयार न रहने पर फटकारा। एनजीटी ने कहा कि सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की रिपोर्ट से साफ है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषण का स्तर गहरा गया है। पीएम-10 के स्तर में भारी इजाफा हुआ है। पिछले कुछ सप्ताह के दौरान पीएम के स्तर में लगातार बढ़ोतरी हुई है। एनजीटी ने यह भी कहा कि क्या हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर कृत्रिम बारिश नहीं करवाई जा सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।